16 से 27 फरवरी तक पंचायतों में कृषि चौपाल का आयोजन
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
जिला कलेक्टर चंद्रवाल के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से 16 से 27 फरवरी तक जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
कृषि चौपाल का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना से संबंधित समस्याओं का निराकरण करना तथा शेष पात्र किसानों का सत्यापन कर नवीन पंजीयन सुनिश्चित करना है। योजना के तहत पंजीकृत पात्र कृषक परिवारों को कृषि आदान सामग्री की पूर्ति हेतु प्रति वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है।
उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 64,664 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। कृषि चौपाल के दौरान किसानों को पंजीयन की स्थिति, ई-केवायसी, भूमि विवरण अद्यतन, बैंक खाते में आधार सीडिंग, संदिग्ध पंजीयनों की पहचान एवं सत्यापन तथा एग्री-स्टैक के माध्यम से फार्मर आईडी निर्माण की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसान भविष्य में भी योजना का निरंतर लाभ प्राप्त कर सकें।
इसके अतिरिक्त पीएम-किसान योजना अंतर्गत पंजीकृत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लघु एवं सीमांत किसानों को प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के बारे में जानकारी देते हुए ग्राहक सेवा केन्द्रों के माध्यम से उनका पंजीयन भी कराया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर मासिक पेंशन का लाभ प्रदान किया जाता है।
वहीं प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) योजना के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों फसलों की खरीदी संबंधी जानकारी भी चौपाल में दी जा रही है तथा आवश्यक पंजीयन की प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है।
कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे अपने ग्राम पंचायत में आयोजित कृषि चौपाल में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन/सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।

