स्व-गणना (Self-Enumeration) के व्यापक प्रचार के निर्देश जारी, 1 मई से शुरू होगा जनगणना का प्रथम चरण
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : जिला प्रशासन द्वारा जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (Self-Enumeration) को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में जारी आदेश में सभी चार्ज अधिकारियों (ग्रामीण एवं नगरीय) तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संपादित किया जाएगा। इस कार्य को सुचारू रूप से पूर्ण करने हेतु कार्यालय जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (SE) की ऑनलाइन प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
नागरिकों को स्व-गणना के लिए निर्धारित पोर्टल https://test.census.gov.in/se/ पर जाकर स्वयं पंजीयन कर SE ID प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। प्रगणक (Enumerator) के घर-घर भ्रमण के दौरान नागरिकों से इस SE ID को साझा करने की अपील की गई है, जिससे गणना कार्य में गति और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में लाउडस्पीकर, मुनादी एवं अन्य माध्यमों से स्व-गणना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराएं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।


