बैगा बसाहट परिवारों के सर्वे हेतु प्रथम चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
47 पीवीटीजी बैगा बसाहट परिवारों के सटीक डाटा संकलन पर जोर
ग्राम स्तरीय सर्वेक्षण दल को दी गई विस्तृत जानकारी
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की पहल
खैरागढ़ : भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन तथा सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले के 47 बैगा बसाहट परिवारों के पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) हाउसहोल्ड सर्वेक्षण हेतु प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद पंचायत छुईखदान के सभाकक्ष में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य बैगा बसाहट परिवारों की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति से संबंधित जानकारी का सटीक एवं व्यवस्थित संकलन सुनिश्चित करना रहा, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान सर्वेक्षण प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, परिवारवार जानकारी संकलन एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर द्वारा बताया गया कि सर्वेक्षण में तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी का संकलन अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सहायता मिल सके।
सर्वेक्षण के दौरान पीवीटीजी परिवारों से मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, बैंक पासबुक, आयुष्मान कार्ड, सिकलसेल कार्ड, पेंशन, उज्ज्वला योजना, दिव्यांगता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी सर्वे सेतु एप में दर्ज किए जाने की प्रक्रिया को प्रोजेक्टर के माध्यम से समझाया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुईखदान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन ने सर्वेक्षण दल को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्र संयोजक बोधन जोशी ने सर्वेक्षण की उपयोगिता एवं पीवीटीजी समुदाय के समग्र विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्तरीय सर्वेक्षण दल के सदस्य, छात्रावास अधीक्षक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बीट गार्ड उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


