G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

ज्ञानभारतम् पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ : जिले में भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल ज्ञानभारतम् पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में कलेक्टरेट परिसर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, बौद्धिक विकास और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आधार प्राचीन पाण्डुलिपियां, ताड़पत्र एवं हस्तलिखित पोथियां हैं। इन अमूल्य धरोहरों को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “ज्ञानभारतम् मिशन” प्रारंभ किया गया है।

बैठक के दौरान अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार ठाकुर ने जानकारी दी कि जिले में उपलब्ध प्राचीन पाण्डुलिपियों की पहचान कर उन्हें शासन के निर्धारित एप्लिकेशन में अपलोड किया जाएगा, ताकि उनका डिजिटली संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

इस कार्य के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टांकेश्वर प्रसाद साहू, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के संग्रहालय विभाग के प्रमुख डॉ. आशुतोष चौरे, रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ के प्रभारी प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र कुमार साखरे सहित जिला शिक्षा अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।

समिति के सदस्यों ने आमजन एवं विभिन्न संस्थाओं से अपील की है कि यदि उनके पास कोई प्राचीन पाण्डुलिपि, ताड़पत्र या हस्तलिखित दस्तावेज सुरक्षित हैं, तो वे अपने नाम एवं पते के साथ संबंधित जनपद पंचायत या नगर पालिका कार्यालय में जानकारी दर्ज कराएं, ताकि इन अमूल्य धरोहरों को संरक्षित कर शासन के पोर्टल पर दर्ज किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page