G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

एनकॉर्ड की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, जनजागरूकता और सख्ती के साथ नशे के खिलाफ अभियान तेज

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ : जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से गठित नार्को कोऑर्डिनेशन (NCORD) जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में नशे के विरुद्ध ठोस, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में नशा उन्मूलन हेतु जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस, राजस्व एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के संयुक्त निरीक्षण दल का गठन कर मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अवैध रूप से अफीम एवं गांजा जैसी फसलों की खेती पर रोक लगाने के लिए सतत निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त भारत माता वाहिनी दल को और अधिक सक्रिय करने तथा डिजिटल एवं ऑनलाइन माध्यमों से संचालित नशे के अवैध कारोबार पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए जिले को नशामुक्त बनाने हेतु ठोस प्रयास करने को कहा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page