उभयलिंगी व्यक्तियों को मिलेगा पहचान पत्र, समाज कल्याण विभाग में आवेदन शुरू
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर अटल नगर के निर्देश एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में निवासरत उभयलिंगी (तृतीय लिंग) व्यक्तियों के लिए पहचान पत्र एवं प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब इच्छुक व्यक्ति अपने स्वयं के पहचान पत्र हेतु सीधे जिला समाज कल्याण कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के उपरांत हितग्राहियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, अंकसूची सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके पश्चात निर्धारित वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा और सत्यापन के बाद पहचान पत्र एवं प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इससे तृतीय लिंग समुदाय के व्यक्तियों को विभिन्न हितग्राही मूलक शासकीय योजनाओं का लाभ पात्रता अनुसार मिल सकेगा।
इस संबंध में जिले के सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले सकें। इच्छुक व्यक्ति समाज कल्याण विभाग के कार्यालयीन समय में संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं या राकेश कुमार साहू (मो. 07489533006) से भी जानकारी ले सकते हैं।

