G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र से बदल रही ग्रामीणों की जिंदगी : ग्राम पंचायत कोपरो की सफलता की कहानी

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी


छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र (APDSK) ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कोपरो में दिनांक 24 अप्रैल 2025 को अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र की शुरुआत की गई, जिसका संचालन वीएलई डेरेलाल बाहेश्वर द्वारा किया जा रहा है।
यह ग्राम पंचायत जिला पंचायत खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के अंतर्गत विकासखंड छुईखदान के अंतिम छोर पर स्थित है, जो ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र है। ऐसे क्षेत्र में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र खुलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को AEPS (आधार आधारित भुगतान), आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, श्रम कार्ड सहित कई शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब बैंक और शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इसी योजना से लाभान्वित होने वाली हितग्राही धनकुंवर मानिकपुरी (ग्राम – कोपरो) ने अपनी जुबानी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि पहले उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि निकालने के लिए ग्रामीण बैंक सलहेवारा, जो गांव से लगभग 14 किलोमीटर दूर स्थित है, जाना पड़ता था। कई बार उन्हें किसी की बाइक से या फिर पैदल ही बैंक तक जाना पड़ता था और वहां घंटों लाइन में लगने के बाद ही राशि मिल पाती थी।
धनकुंवर मानिकपुरी बताती हैं कि गांव में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र खुल जाने के बाद अब उन्हें काफी सुविधा हो गई है। अब वे जब भी जरूरत हो, गांव में ही जाकर आसानी से राशि निकाल लेती हैं। उन्होंने बताया कि अब तक वे इस केंद्र के माध्यम से लगभग 22 से 23 हजार रुपये निकाल चुकी हैं और गांव में ही यह सुविधा मिलने से उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने इस सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ शासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्राम पंचायत कोपरो के आश्रित ग्राम सिंहबोरा और ग्वालगुंडी भी ग्राम पंचायत मुख्यालय से लगभग 14 से 16 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। पहले इन गांवों के लोगों को बैंक जाने के लिए लगभग 35 से 36 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती थी। लेकिन अब अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से यह दूरी और परेशानी काफी हद तक कम हो गई है।
अन्य ग्रामीणों ने भी बताया कि अब प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, मनरेगा मजदूरी सहित विभिन्न योजनाओं की राशि गांव में ही आसानी से प्राप्त हो रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
इस प्रकार अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाकर लोगों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बना रहा है तथा दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page